एक घंटे में भोजन कर हम लोग पास ही मौजूद अल्बर्ट हॉल म्यूजियम घूमने गए.
खैर, किसी म्यूजियम में क्या क्या पाया जाता है ये आप लोगों से कुछ छिपा तो नहीं है पर फिर भी कुछ जगहें जो मुझे बहुत पसंद आती हैं उनमें से एक है म्यूजियम, तो इस बारे में कुछ तो बताऊँगा ही.
म्यूजियमों में हमारे रोमांचक इतिहास की जो थाती रखी होती है वो मुझे हमेशा से अपनी ओर खींचते आई है. म्यूजियम हमारी सभ्यता के दर्पण हैं, अगर कोई इनमें झाँकना चाहे तो इतिहास के कई ऐसे पहलुओं से दो-चार हुआ जा सकता है जो कई दफ़ा कल्पनातीत होते हैं.
राजस्थान का तो इतिहास ही राजपूताना से संबद्ध है इसलिए यहाँ के महाराजाओं ने बाहरी आक्रमणों को झेलते हुए भी जो सभ्यता की धरोहर यहाँ महफूज़ रखी है हमें उसके लिए उनका आभारी होना चाहिए.
मिसाल के तौर पर नीचे की तस्वीर देखिए, ये मुग़लिया दौर का एक खंज़र है, उस दौर में ये एक आम ज़रूरत की चीज़ होगी मगर इसकी धार के ऊपर उभारी हुई इस नक़्क़ाशी ने बार बार मेरा ध्यान अपनी ओर खींचा.
फिर कई किस्मों की तलवारें, संगीनें, शमशीरें, भाले, धनुष-बाण, बंदूकें, पुराने दौर के बर्तन और कई मूर्तियाँ आदि भी सजाकर रखे हुए थे.
इस ईरानी तलवार की मूठ हाथीदाँत की बनी हुई थी, ये मेरे लिए नई बात थी, आपने हो सकता है पहले कभी देखी हो.
मिटे हुए अल्फ़ाज़ों में यहाँ जो कुछ लिखा है उसका मजमून कुछ इस प्रकार है, “निमरुद के जिस इंसानी सर वाले परदार सिंह की तस्वीर इस दीवार पर बनी है वो निमरुद के महल के पास की मूर्ति का एक छायाचित्र है.”
यहाँ बता दूँ कि वो जिस तस्वीर का ज़िक्र कर रहे हैं वो काफी हद तक मिस्र के फ़िरऔन खुफु के द्वारा बनवाए ग़िज़ा पिरामिड के करीब ही मौजूद स्फिंक्स (अरबी नाम: अबू अल हौल अर्थात भय का पिता) से मिलती जुलती थी.
निमरुद सीरिया का बादशाह था जिसे तब अश्शूर भी कहा जाता था. इस निमरुद का ज़िक्र बाइबिल में ही आता है और इस बादशाह के होने के कोई पुख़्ता सबूत नहीं मिले. तो कुल मिलाकर ये मिस्र से ले कर मेसोपोटामिया तक के बाशिंदे सबसे ज़्यादा शायद स्फिंक्स से ही डरा करते थे जो जहाँ-तहाँ इनके बुत बनाया करते थे. कई इतिहासकार अश्शूर को दुनिया का पहला साम्राज्य कहते हैं पर उस विषय में मेरा ज्ञान सीमित है तो कुछ भी पुख़्ता बात नहीं कह सकता. यहाँ ये भी जान लें कि अश्शूर इराक़ और सीरिया का सम्मिलित देश था. इसकी सीमा दजला नदी (Tigris River) के उत्तर से शुरू होती थी.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें